
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क । जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वाधान में आज भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व० राजीव गांधी जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मो० अबू तमीम ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी जी ने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश में कंप्यूटर क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था के सशक्तिकरण तथा युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाकर लोकतंत्र को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। आगे उन्होंने स्व० गांधी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें आधुनिक भारत के शिल्पी और सूचना प्रद्योगिकी के जनक की संज्ञा दी।
उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था भी स्व० राजीव गांधी की ही देन है जिससे सत्ता को विकेंद्रित कर ग्राम स्तर तक पहुंचाया गया। स्व० राजीव गांधी की कल्पना थी कि 21 वीं सदी में संचार क्रांति के मामले में भारत को विश्व के मानचित्र पर सबसे ऊपर पहुचाना है। उन्ही की देन है कि भारत आज संचार क्रांति के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी जी का जीवन समर्पण, त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक है। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने गरीबों, किसानों, नौजवानों एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष देवेन्द्र नारायण झा, समी अहमद, कामेश्वर पासवान, आदि लोग मौजूद थें।