
ओईनी न्यूज नेटवर्क
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर । शुक्रवार की सुबह हुई बारिश के बाद एक बार फिर शहर का पाॅश एरिया विवेक-विहार मुहल्ला पानी में तैरता प्रतीत हुआ। इसी बीच जल जमाव के कारण एक बच्ची नाले में जा गिरी।
यह सुखद संयोग ही था कि बच्ची मां के साथ थी और बच्ची को नाले में गिरते देख उसकी मां ने शोर मचाया। महिला की चीख पुकार सुन कर दौडे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पहल की और बच्ची को बचा लिया।
मामला शहर के विवेक विहार मुहल्ला का शुक्रवार सुबह का है। सुबह हुई बारिश होने से नाला उड़ाही नहीं होने के कारण सड़क पर घुटने भर जलजमाव था। इसी रास्ते से भूईधारा निवासी एक महिला अपनी करीब 5 वर्षीय बेटी के साथ काम करने जा रही थी। इसी बीच डाॅ जयशंकर झा के क्लिीनिक के निकट टूटे स्लैब वाले नाले में बच्ची गिर गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कई बार नगर निगम के महापौर, उपमहापौर आदि को नाले पूरी तरह जाम रहने, नाले, स्लैब एवं सड़क टूटे रहने की शिकायत की गई। लेकिन नकारा नगर निगम ने इस ओर तनिक भी ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि यदि अविलंब नाले की उड़ाही, टूटे नाले एवं सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो मुहल्ला वासियों के साथ मिलकर भाकपा माले आंदोलन चलाने को बाध्य होगी।