
.ओईनी न्यूज नेटवर्क।
रत्न शंकर भारद्वाज।
Oini 24 विद्यापतिनगर । अमृत भारत स्टेशन के तहत समस्तीपुर जिले के जिन रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प होना है उसमें समस्तीपुर जिला स्थित भक्त-भगवान-और माता गंगा की मिलन स्थली विद्यापतिधाम भी शामिल है। कायाकल्प कब होगा, होगा तो क्या क्या होगा, कैसा होगा इन बातों को छोड दें ये बातें भविष्य की गर्त में हैं।
मौजूदा हालात यह है कि विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन पर सामान्य यात्री सुविधाओं का घोर अभाव है। रेल प्रशासन की उदासीनता कहें या लापरवाही, प्रति दिन दर्जनों गाडियों के ठहराव हजारों यात्रियों के आवागमन और लाखों के रेल राजस्व का केन्द्र होने के बावजूद इस स्टेशन के एक नंबर प्लेटफॉर्म पर लगे नल से पानी नहीं निकल रहा है।
दो नंबर प्लेटफार्म पर तो अभी तक पीने के पानी के लिए नल-जल की कोई व्यवस्था की भी नहीं गई है। नतीजतन आज भी इस स्टेशन पर लोग पेयजल के लिए चापाकल पर निर्भर है। इतना ही नहीं प्लेटफाम लंबाई बढा दी गई मगर यात्रियों केलिए छोटा छोटा शेड बनाकर छोड़ दिया गया है बैठने की कोई व्यवस्था नहीं।
दोनों प्लेटफॉर्म पर एक -एक बड़ा शेड बना है। जो बारिश एवं धूप से यात्रियों की रक्षा केलिए नाकाफी है। इतना ही नहीं दो नंबर प्लेटफॉर्म पर पंखा भी सिर्फ दिखावे को ही लगा है। जिससे गर्मी के इस मौसम में यात्री को परेशान होना पड़ रहा है।
इन सबके कारण स्थानीय लोगो के साथ दैनिक यात्रियों में भारी क्षोभ बना है। इस बाबत पूछे जाने पर स्टेशन अधीक्षक मुन्ना कुमार ने बताया कि दो नंबर प्लेटफार्म पर पानी का नल नहीं लगा है। एक नंबर पर लगे नल को चालू कराने के लिए कहा गया है। इस बाबत पत्राचार किया जा रहा है, फिलहाल चापाकल से काम चल रहा है।