
Oini24
ओईनी न्यूजा नेटवर्क विद्यापतिनगर । मंगलवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक लगातार बारिश हुई। निचले इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। कई घरों के सामने पानी जमा हो गया, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
मुख्य बाजारों और सड़कों के किनारे करीब दो फीट तक पानी जमा है।प्रखंड के कई स्कूलों में पानी भर गया है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। बाजितपुर बाजार और राजा चैक के पास जलजमाव के कारण आसपास का कचरा पानी में तैर रहा है। इससे गंदगी फैल रही है। लंबे समय बाद इस तरह की बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
किसानों का मानना है कि यह बारिश अच्छी फसल के लिए फायदेमंद होगी। जानकारों के अनुसार अब धान की रोपनी तेजी से शुरू होगी। बारिश से गर्मी से भी राहत मिली है। मनियारपुर, सिमरी, कांच, शेरपुर, मऊ, धनेशपुर दक्षिण पंचायत के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है।
बुधवार सुबह तक लगातार बारिश का बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। मंगलवार रात करीब 11 बजे से बिजली गुल है। इससे जलापूर्ति सहित कई समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि दोपहर तक बिजली बहाल हो जाएगी। बारिश के बाद लोगों के चेहरों पर राहत और खुशी दोनों नजर आ रही है।