
Oini News Network
ओईनी 24 डेस्क समस्तीपुर । हमारी स्वार्थपरता और लोलुपता ने पर्यावरण को इस तरह प्रभावित किया है कि प्रकृति की स्वभाविकता और खूबसूरती लुप्त होती जा रही है। फूलों से खुश्बू, बाग से तितलियां लुप्त हो रही हैं, गिद्ध तो कब के लुप्त हो गये, अब वक्त के साथ संरक्षित पक्षी यथा बाया, चुनमुनी, मैना आदि नहीं दिख रहे, वहीं कौआ भी अब लगभग लुप्त होने के कगार पर है।
पर्यावरण वन एवं जलवायू संगोष्ठी की अध्यक्षता व संचालन करते हुए पुर्व विधायक दुर्गा प्रसाद सिंह ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट के दौर में आप जैसे संवेदनशील व विद्वान व्यक्ति को पर्यावरण, वन एवं जलवायू परिवर्तन विभाग का मंत्री बनाया जाना बेहद महत्वपूर्ण है। हमें पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संबंधित कानूनों या प्रावधानों के माध्यम से पर्यावरण प्रदूषित करने वालों पर अंकुश लग सकेगा।
बताते चलें कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. सुनील कुमार वन महोत्सव के अवसर पर समस्तीपुर के होटल में आयोजित पर्यावरण वन एवं जलवायू संगोष्ठी सह कुशवाहा मिलन समारोह में शामिल होने समस्तीपुर पधारे। जहां उपस्थित गणमान्य लोगों ने पाग, शाॅल, पुष्प गुच्छ, व विभिन्न प्रकार के पौधों से उनका अभिनंदन किया।
इस मौके पर उन्होंने न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया, बल्कि आगामी चुनाव को लेकर एनडीए के पक्ष में जनमत तैयार करने का भी आह्वान किया।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार एक वृक्ष लगाना मात्र काफी नहीं होता, बल्कि उसके निरंतर देखभाल और समुचित संरक्षण की जिम्मेदारी भी हमारी होती है, ठीक उसी तरह राज्य के समग्र व समुचित विकास के लिए भी मजबूत नेतृत्व की निरंतरता जरूरी है। बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी सबसे प्रभावशाली और कारगर सिद्ध हुई है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विकास, दोनों साथ-साथ चल सकते हैं यदि इच्छाशक्ति दृढ और नेतृत्व मजबूत हो। उन्होंने विगत वर्षों की तुलना करते हुए कहा कि 2004 से पहले बिहार विकास के नाम पर उपेक्षित था। उस समय की सरकारों ने राज्य को पिछड़ेपन की गर्त में धकेल दिया था। एक समय था जब बिहारी शब्द गाली समझा जाता था। लेकिन,
एनडीए सरकार के आने के बाद अब बिहार गर्व का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जिस रफ्तार से बिहार को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है, उसे किसी भी हाल में रुकने नहीं देना है।
इस अवसर पर डॉ. सुनील ने विपक्ष पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियाँ प्रोपेगंडा फैलाकर समाज को गुमराह करने का काम कर रही हैं। यही वक्त है प्रोपेगंडा के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का, और बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बार फिर से एनडीए को समर्थन देने का।
मौके पर डाॅ मनांज कुमार सिंह, शकुन्तला वर्मा, अश्वमेध देवी, सूरज मंडल, महेश प्रसाद सिंह, पशु प्रेमी महेन्द्र प्रधान, पर्यावरण संरक्षण के सजग प्रहरी एलीट सोसाइटी के सचिव जीतेन्द्र कुमार, राजेश कुमार, सहित बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोग मौजूद थे।