
Oini News Network
ओईनी 24 समस्तीपुर। सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके अंतर्गत आम जनमानस को सुरक्षित रेल परिचालन के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा आज बैरगनिया स्टेशन पर स्थित एक संपर्क फाटक के पास जन-जागरूकता हेतु एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी और मनोरंजन का समावेश कर, संपर्क फाटक से गुजरते समय लोगों को क्या सावधानियाँ बरतनी चाहिए तथा किन-किन बातों का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए, आदि के प्रति सहज और प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया।
जिसमें रेल फाटक बंद होने की स्थिति में कभी भी उसे पार न करें।ट्रेन के आने की ध्वनि (हॉर्न व ट्रैक की ध्वनि) पर सतर्क रहें। फाटक खुलने के बाद ही सुरक्षित रूप से पार करें। लापरवाही और जल्दबाजी जानलेवा हो सकती है, इससे बचना अत्यंत आवश्यक है, आदि जानकारियां शामिल थे।
समस्तीपुर मंडल के इस प्रयास के पीछे मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्य कर रही टीम की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि “रेलवे के साथ-साथ जनता की भी यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह संपर्क फाटकों पर नियमों का पालन करे और दूसरों को भी प्रेरित करे।
समस्तीपुर मंडल आगे भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा ताकि “सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित जीवन” के लक्ष्य को और प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।