
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । तराई के कुछ जिलों को छोड कर शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं तापमान बढने से उमस और गर्मी लोगों केलिए मुश्किल उत्पन्न कर सकता है।
उक्त जानकारी देते हुए प्रख्यात मौसम वैज्ञानिक डाॅ अब्दुल सत्तार ने बताया कि तीन दिन बाद पछिया हवा चलने के आसार है उसके बाद ही उमस से राहत मिलने की संभावना है।
जिले के पूसा स्थित डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायू परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा जारी अगामी 04 जून, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि के दौरान उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान आमतौर पर तराई के कुछ जिलों को छोड़कर मौसम शुष्क रहने की सम्भावना है।
दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण तथा पश्चिमी चंपारण जिलों में 1 जून के आसपास कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है, साथ में बारिश भी होने की सम्भावना है। इस दौरान तापमान में वृद्धि हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमानित अवधि के दौरान अगले तीन दिनों तक औसतन 18 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। इसके बाद पछिया हवा चल सकती है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 25 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है।