
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। लोग रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण रक्तदान करने से कतराते हैं जबकि इससे कोई हानि नहीं होता बल्कि कई प्रकार के लाभ होते हैं। अत: हम सभी को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रविवार को बिहार यूथ फेडरेशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए सीजेएम जिगर शाह ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि जो शिक्षित लोग हैं वो इसके प्रति जागरूक और सजग हैं लेकिन जो शिक्षित नहीं हैं वो इससे कतराते हैं।
बताते चलें कि रविवार को जितवारपुर चौथ स्थित मदरसा फैजुल कुरान के परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का मौलाना अरशद रहमानी, फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद तमन्ना खान और पार्षद अजीजुर्रहमान ने संयुक्त रूप से किया। इस रक्तदान शिविर में समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय के चीफ जुडिशल मजिस्ट्रेट जिगर शाह ने विधिवत फीता काट कर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सीजेएम श्री शाह समेत 32 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर सीजेएम जिगर शाह ने कहा कि जो रक्तदान से कतराते हैं ऐसे लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता पैदा करने की जरूरत है। वहीं फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद तमन्ना खान ने कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति जो 18 से अधिक आयु हों और जिनका वजन 50 किलोग्राम से अधिक है वह रक्तदान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल यानी तीन महीने बाद रक्तदान करते रहने से हमारे शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है और रक्तदाता को हृदयाघात की संभावना नहीं रहती। नियमित रक्तदान करने से कैंसर सहित अन्य बीमारियाें का खतरा भी कम हो जाता है। रक्तदान से सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि हमारे शरीर का वजन, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, एचबीएसएजी, एचसीवी, वीडीआरएल आदि की जांचें हो जाती है।
वहीं पप्पू खान, मोहम्मद रूबेद, मोहम्मद नौशाद और गुफरान ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी तरह की कमजोरी नहीं आती है। जबकि इससे शरीर और स्वस्थ बनता है। साथ ही नयी रक्त कोशिकायें बनने से त्वचा में निखार आता है। रक्तदान करने के बाद 24 घंटे में वापस शरीर में उतना ही ब्लड बन जाता है। बशर्ते आप खान-पान सही रखें। ब्लड डोनेट करते समय आपके शरीर के पांच तरह की जांच भी होती हैै, वह भी बिल्कुल मुफ्त।
उनहोंने कहा कि आपका रक्तदान किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण है। हर स्वस्थ व्यक्ति को कम से कम 3 माह के अंतराल में एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए।
जबकि पार्षद अजीजुर्रहमान ने बिहार यूथ फेडरेशन के द्वारा किए जा रहे निरंतर इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था लगातार रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहा है जिसके लिए फेडरेशन के लोग बधाई के पात्र हैं।उन्होंने कहा कि आज का युवा पीढ़ी में रक्तदान को लेकर काफी भ्रांतियां हैं जिसे दूर करने का प्रयास यह संस्था कर रहा है।
शिविर में रक्तदान करने वालों में सीजेएम जिगर शाह के अलावा सबा प्रवीण, मोहम्मद हारिस अनवर, मोहतासीन कौसर, आकिब रहमानी, मोहम्मद महताब, अरशद अली, आदिल राशिद, जाहिद अंसारी,मोहम्मद वकतार आदि शामिल थे। मौके पर सुमित सुमन, रविन्द्र कुमार समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।