
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। अपने परिवार, समाज और देश के प्रति हर नागरिक के कुछ कर्तव्य हैं, कुछ जिम्मेदारियां हैं। इनके प्रति हम सभी को सजग और सचेष्ट रहना चाहिए। सोमवार को शहर के मोहनपुर स्थित सिटी सेंट्रल स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यशाला के दौरान सिटी सेन्ट्रल स्कूल ग्रुप के निदेशक संजीव पांडेय ने उद्घाटन सत्र के दौरान अपने संबोधन में उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि खुद के साथ दूसरों को भी व्यसनों से मुक्त रहने और स्वस्थ रहने केलिए प्रेरित करना भी परिवार, समाज और देश की सेवा है। करतल ध्वनि के बीच अतिथियों के स्वागत सम्मान और उनके द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर कार्यशाला के विधिवत उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि पुलिस उपनिरीक्षक पुतुल कुमारी – महिला पुलिस थाना ने छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया।
अपने संबोधन में उन्होंने साइबर सुरक्षा, नशीली दवाओं का सेवन, सड़क सुरक्षा नियम, अनुशासन एवं कानून जागरूकता आदि विषयों पर अपने विचार व आवश्यक जानकारियां साझा किए।
अपने संबोधन में विद्यालय के निदेशक संजीव कुमार पांडेय ने स्वस्थ रहें जिम्मेदार बने का नारा देते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन से बच्चों और अभिभावकों को जागरूक कर साइबर अपराध, नशा और समाज में होने बाले अपराध के प्रति जागरूक कर एक स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है। इससे हमारा देश उत्तरोत्तर मजबूत होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्राचार्य सी के ठाकुर, प्राचार्य कविता करुनाकरण, एवं अभिभावक भारतेंदु पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख मनीष भारद्वाज, शैक्षणिक प्रभारी राधेश्याम ठाकुर, राहुल पांडेय, शिवेश कौशल, नवनीत कुमार, फैयाज अहमद, बृजभूषण झा, अमृता पांडे, अंजलि कुमारी, बेबी कुमारी सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने अहम भूमिका निभाई।