
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। हाल ही में पश्चिमी सीमाओं पर हुई घटनाओं के आलोक में नागरिक सुरक्षा की महत्ता बढ़ गई है। इसे देखते हुए शिविर में नागरिक सुरक्षा का मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा। साथ ही निदेशालय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए कैडेट्स का चयन इस शिविर के दौरान किया जाएगा।
शिविर कमांडेंट कर्नल रविंद्र रावत ने उद्घाटन समारोह के दौरान कैडेट्स को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इस शिविर के दौरान कैडेट्स को रेजीमेंटल जीवनशैली अपनाने का अवसर मिलेगा, जो उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करेगा। हमारा उद्देश्य है कि ये युवा कैडेट्स भविष्य में अनुशासित और समय के पाबंद नागरिक बनें।
बताते चलें कि जिले के बिरौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के बहुउद्देशीय सभा में 12 बिहार बटालियन एनसीसी, समस्तीपुर के तत्वावधान में 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) का शुभारंभ हुआ। अगामी 25 मई 2025 तक आयोजित इस शिविर में समस्तीपुर जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर कर्नल रविन्द्र रावत ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न संस्थानों के एएनओ (Associate NCC Officers) और भारतीय सेना के प्रशिक्षक कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। जिसमें ड्रिल, हथियार संचालन, नक्शा पढ़ना, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट सहित नेतृत्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिविर के अन्य प्रमुख आकर्षणों में आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिसर (ARO) मुजफ्फरपुर द्वारा “भारतीय सशस्त्र बलों में भर्ती की प्रक्रिया पर एक विशेष व्याख्यान शामिल है, जो कैडेट्स को सेना, नौसेना एवं वायुसेना में करियर के अवसरों से अवगत कराएगा।
इसके साथ ही, समस्तीपुर फायर ब्रिगेड टीम द्वारा अग्निशमन तकनीकों पर एक लाइव डेमो (प्रदर्शन) प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कैडेट्स को आग से निपटने की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। इसके अतिरिक्त, ड्रोन संचालन पर भी एक लाइव डेमो आयोजित किए जाने है, जो तकनीकी कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
कर्नल रावत ने कहा कि यह शिविर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने की दिशा में एक सशक्त पहल है।