
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
चंदन कुमार।
बिभूतिपुर (समस्तीपुर)। प्रखंड के एकलौता डिग्री कॉलेज डीबीकेएन कॉलेज नरहन में 4 वर्षीय स्नातक सत्र 2025-29 में गृह विज्ञान, संगीत, मैथिली, उर्दू, कॉमर्स सहित करीब आधा दर्जन से अधिक विषयों में प्राचार्य के अनुमोदन के आधार पर विश्वविद्यालय ने नामांकन पर रोक लगा दिया है।
इसके खिलाफ भारत का छात्र फेडरेशन (एसएफआई) के जिलाध्यक्ष नीलकमल एवं अंचल सचिव प्रिंस कुमार के नेतृत्व में कॉलेज प्राचार्य राकेश रंजन सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें यह मांग किया गया है कि अविलंब इन विषयों में नामांकन हेतु अनुमति लेकर उक्त विषयों में नामांकन बहाल करें।
जिलाध्यक्ष नीलकमल ने बताया कि स्नातक में नामांकन हेतु विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर इन विषयों में नामांकन पोर्टल नहीं खुलने से करीब तीन हजार छात्र प्रभावित होंगे।समय रहते कॉलेज प्राचार्य और विश्वविद्यालय द्वारा इन विषयों में नामांकन पोर्टल नहीं खोला जाता है तो आने वाले दिनों में कॉलेज कैंपस से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी सारी जवाबदेही कॉलेज प्राचार्य व विश्वविद्यालय प्रशासन को होगी।