

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । समस्तीपुर मंडल में पहली बार बुधवार को विशेष टिकट चेकिंग अभियान हेतु लाल गाड़ी का उपयोग किया गया। विदित हो कि बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को निरूत्साहित करने एवं टिकट लेकर यात्रा करने हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष टिकट जाँच अभियान चलती रहती है। इसे अपेक्षाकृत अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक विशेष गाड़ी तैयार की गयी है जिसे लाल गाड़ी का नाम दिया गया है।

विशेष टिकट जाँच अभियान के दौरान टिकट जाँच कर्मचारियों एवं आरपीएफ की टीम को इस विशेष गाड़ी में प्रतिनियुक्त किया गया है जो मंडल के किसी भी रेल खंड के छोटे-छोटे स्टेशनों पर जाकर उस रेल खंड से गुजरने वाले मेल एक्सप्रेस/सवारी गाड़ियों में बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पाए गये व्यक्तियों से नियमानुसार प्रभार की वसूली सुनिश्चित करते हैं।

इसी क्रम में बुधवार को मंडल के दरभंगा – जयनगर रेल खंड के काकरघट्टी स्टेशन पर लाल गाड़ी के प्रयोग से विशेष टिकट जाँच अभियान चलाया गया। इस दौरान उस रेलखंड से गुजरने वाले मेल/एक्सपेस एवं सवारी गाड़ी में बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पाए गये व्यक्तियों से निर्धारित प्रभार की वसूली की गयी। इस अभियान में कुल 209 बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार यात्रा कर रहे लोगों से 42025/ रेल राजस्व अर्जित किए गये।

