
ओईनी न्यूज नेटवर्क
ओईनी । पक्का और दो मंजिला मकान वालों को पीएम आवास योजना का भुगतान हो रहा है, यहां तक कि जिन लोगों ने मकान नहीं बनवाया उनको भी दूसरे किश्त का भुगतान हो रहा है, मगर जो वास्तविक लाभुक हैं उनको अभी तक पहली किश्त भी नहीं मिली है।
यह शिकायत आम नागरिक या किसी लाभुक या किसी विरोधी दल के नेता ने नहीं की है, बल्कि पूसा प्रखण्ड के मोहम्मदपुर कोआडी मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को पत्र लिख कर यह शिकायत की है। आम तौर पर आवास योजना में गडबडी के लिए मुखिया निशाने पर रहते हैं। मगर इस लिखित आवेदन ने प्रखण्ड में खलबली मचा दी है।
अपने पत्र में श्री सिंह ने कहा कि इन दिनों प्रधानमंत्री आवास योजना में नये लाभुकों का नाम जोडने का कार्य चल रहा है। आवास सहायक की मनमानी का ये आलम है कि वास्तविक लाभुक का नाम नहीं जोडा जा रहा। वहीं जिनके पास पक्के मकान हैं उनका नाम सरलता पूर्वक जोडा जा रहा है।
मुखिया श्री सिंह ने कहा है कि नाम जोडने केलिए 1500 से 2000 रूपये की मांग किए जाने की शिकायत भी मिल रही है। मंगलवार को श्री सिंह ने संवाददाता को बताया कि, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को इस आशय का पत्र दिए एक सप्ताह होने को है। मगर आज तक इस पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकी है। शीघ्र ही इस मामले में वे उच्चाधिकारियों से मिल कर उनका ध्यान इस ओर आकर्षित करेंगे।


