
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । पहले विवादित भूमि होने का भ्रम फैला कर दबे पांव अतिक्रमण कर खाली पड़ी भूमि का उपयोग करने का बड़ा खेल पूसा प्रखंड मुख्यालय व डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय में लंबे समय से चल रहा है। हालांकि जिले में ऐसे कई जगह हैं, लेकिन आज हम बात कर रहे हैं जिले के पूसा प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने स्थित विशाल खाली भूखण्ड की।
जहां एक हेलीपैड बना हुआ है। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में आयोजित किसी कार्यक्रम को लेकर मंत्री, राज्यपाल, राष्ट्रपति आदि का आगमन होता है तब हेलीपैड का उपयोग जिला प्रशासन एवं विश्वविद्यालय द्वारा किया जाता है। बाकी दिनों में यहां अघोषित निजी बस एवं टेंपो स्टैंड के रूप में इसका उपयोग होते देखा जाता है।
सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह खाली भूखण्ड बस पडाव कब बना यह किसी को नहीं पता। सुत्रों की माने तो कुछ बुद्धिजीवी और विश्वविद्यालय कर्मी की इसमें मिलीभगत है। पुर्व में इसी भू खण्ड के पश्चिमी किनारे पर चल रहे छोटे-छोटे दुकानदारों, व व्यवसायियों को अतिक्रमणकारी बताते हुए निवर्तमान कुलपति ने जगह को खाली करा कर दक्षिण-पश्चिम किनारे स्थित एक व्यावसायिक परिसर में स्थानांतरित कर दिया था। इससे विश्वविद्यालय को अच्छी खासी कमाई हो रही है।
फिर इसी भूखण्ड के एक हिस्से में चल रहे बस स्टैंड को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की खामोशी कई सवाल खड़े करता है। इस बाबत पूछे जाने पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी जवाब देने से बचते हैं एवं एक दूसरे पदाधिकारी से पूछने की बात करते हैं। वहीं अंचलाधिकारी पूसा पल्लवी ने भी मामले के प्रति अनभिज्ञता जताते हुए जानकारी ले कर बताने की बात कही।
इधर मामले की जानकारी मिलने पर भाकपा माले पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कुलपति अविलंब अतिक्रमणकारियों और माफिया तंत्र को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें नहीं तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
