

ओइनी न्यूज नेटवर्क
विद्यापतिनगर । प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मऊ दियारा में मंगलवार को बच्चों के लिए परोसें गए भोजन में कीड़े मिले। इसकी सूचना पर बडी संख्या में विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने जमकर बवाल काटा। इसी दौरान उपस्थित विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य व अभिभावक स्कूल के प्रधानाध्यापक और रसोइया पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दियारा क्षेत्र का विद्यालय होने के कारण अक्सर एमडीएम में लापरवाही बरती जाती है। साथ ही शिकायत को लेकर विद्यालय पहुंचे अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
मंगलवार को स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि आज परोसें गए भोजन में फिर कई बच्चों की थाली में बड़े आकार का कीड़ा देखा गया। जिसके बाद खाना छोड़ कर बच्चों ने अपने अभिभावकों को इसकी सूचना दी। करीब एक घंटे तक विद्यालय में हंगामा होता रहा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंदन कुमार चैधरी ने बताया कि एमडीएम में कीड़ा मिलने की जानकारी मिलने के बाद वह भोजन बच्चों को नहीं परोसा गया है।
उधर एमडीएम में कीड़ा मिलने की बात सामने आने के बाद एक चार सदस्यीय जांच दल ने विद्यालय पहुंचकर मामले की छानबीन की। जांच टीम ने बताया कि डीपीओ के आदेश पर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि इस जांच टीम के बारे में न तो बीईओ रंजीत कुमार को कुछ पता है और न ही बीपीएम मोहम्मद शहमद को।
जांच टीम के विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय प्रधान सहित शिक्षकों में हड़कंप मचा रहा मगर टीम ने रिपोर्ट किसी को नहीं किया। जानकार सुत्र बताते हैं कि मामले की लीपा पोती केलिए बिचैलिए ही जांच करने पहुंच गये। जबकि उक्त मामले को लेकर प्रभारी बीईओ रंजीत कुमार ने बताया कि एमडीएम में कीड़ा मिलने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।