
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । जिले में इन दिनों आरटीआई लगाकर विभिन्न कार्यालय एवं उनके कर्मियों को बेवजह परेशान करने का सिलसिला चल पडा है। इस संबंध में खेग्रामस के जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय एवं जिला सचिव जीवछ पासवान ने एसडीओ, जिलाधिकारी, डीजीपी, एवं मुख्यमंत्री से समुचित कार्रवाई की मांग की है।



इस संदर्भ में श्री राय ने अपने पत्र में बताया है कि पथ निर्माण विभाग में कार्यरत रामाशीष महतो एवं वारिसनगर के खेग्रामस के निष्कासित प्रखंड सचिव विमल पासवान दोनों व्यक्ति विभिन्न विभागों में सूचना का अधिकार लगाकर विभाग के कर्मी एवं अधिकारियों को परेशान करते रहते हैं। इन्होंने बताया है कि ये लोग बाजार समिति के व्यवसाईयों से भी नाजायज वसूली करने को लेकर एक आरटीआई लगाया गया है।



बाजार समिति के व्यवसाईयों ने भी इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी सह विशेष पदाधिकारी को इन दोनो के कारण व्यापार बाधित होने की जानकारी देते हुए समुचित कार्रवाई करने हेतु एक आवेदन दिया है। व्यवसाईयों ने बताया है कि हमलोग बाजार समिति में वर्षों से अपना व्यवसाय कर रहे हैं। आज तक कभी कोई परेशानी नहीं हुई। मगर अब इनके कारण हम असहज महसूस कर रहे हैं।



एक तरफ गलत सूचना अधिकार लगाकर बाजार समिति के व्यवसाईयों को परेशान किए जाने से व्यवसायी वर्ग में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सूचना अधिकार का गलत उपयोग करने को लेकर कई सामाजिक संगठनों के द्वारा भी कार्रवाई की मांग की गई है।


खेग्रामस के दोनों जिला पदाधिकारियों ने बताया कि विमल पासवान को 4 वर्ष पूर्व पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने बताया की इन दोनों के खिलाफ जल्द ही एक बड़ा आंदोलन जिला में किया जाएगा।

