
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पटना। बिहार दिवस के शुभ अवसर पर “अप्पन बिहार निपुण बिहार” स्टॉल पर त्रैमासिक ई-बाल पत्रिका “निपुण बालमंच” का निदेशक प्राथमिक शिक्षा के द्वारा भव्य समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया। यह पत्रिका शिक्षक व बच्चों को पुर्णतः निःशुल्क उपलब्ध होगी।



टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता अररिया जिले के शिक्षक रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक पूर्वी चंपारण जिले के शिक्षक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से उक्त जानकारी देते हुए बताया कि किशनगंज की शिक्षिका निधि चौधरी द्वारा संपादित और डिज़ाइन की गई “निपुण बालमंच” बिहार के सरकारी विद्यालयों के बच्चों की कविताएँ, कहानियाँ, पेंटिंग्स सहित कई रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करती है।



इसके अलावा, इसमें बच्चों के लिए रोचक खेल, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, गणित क्विज़ और ज्ञानवर्धक तथ्य भी सम्मिलित किए गए हैं, जिससे उनकी सीखने की रुचि और रचनात्मकता को नई उड़ान मिलेगी। पत्रिका के प्रधान संपादक उपनिदेशक संजय कुमार चौधरी और इसके पाठ संयोजक विनोद कुमार उपाध्याय (शिक्षक, जिला अरवल) हैं। इस पूरी परिकल्पना को साकार करने में अनुपमा प्रियदर्शिनी (शिक्षिका, जिला सिवान) ने विशेष सहयोग दिया है। इस बाल पत्रिका की मार्गदर्शक एवं प्रेरणा स्रोत मृदुला कुमारी हैं।



उल्लेखनीय है कि शिक्षिका निधि चौधरी पहले से ही “टीचर्स ऑफ बिहार” की ई-मैगजीन ‘प्रज्ञानिका’ की संपादक के रूप में कार्यरत हैं। “निपुण बालमंच” न केवल बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेगा बल्कि उनके बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


पत्रिका के विमोचन पर टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार ने पत्रिका के संपादक मंडल के सभी सदस्यों बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

