
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । समस्तीपुर मंडल द्वारा बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा पर रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सही तरीके से टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया जा सके।



इसी क्रम में दिनांक 18 मार्च 2025 को मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर सुबह 06ः00 बजे से रात्रि 22ः00 बजे तक 16 घंटे का विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 205 टिकट जांचकर्मी एवं रेलवे सुरक्षा बल जवानों कु विशेष टीमों द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई।



अभियान के दौरान बिना टिकट व बिना उचित प्राधिकार के यात्रा कर रहे या स्टेशन परिसर में चहलकदमी कर रहे कुल 4669 लोगों से 34.24 लाख रुपये की राशि रेल राजस्व की वसूली हुई। इस दौरान समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सीतामढ़ी आदि प्रमुख स्टेशनो पर फुट ओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय एवं प्लेटफार्मों पर विशेष टिकट चेकिंग दस्ते तैनात किए गए। जिससे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ में वृद्धि देखी गई।



मंडल मुख्यालय से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि बिना टिकट यात्रा न करें। क्योंकि यह एक दंडनीय अपराध है और इससे रेलवे राजस्व की भी हानि होती है। यात्रियों को हमेशा उचित श्रेणी के टिकट के साथ यात्रा करने की सलाह दी जाती है। रेलवे मंडल द्वारा भविष्य में भी इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।




