
समस्तीपुर । सोमवार शाम नशे में हंगामा करने से मना किए जाने पर गोलीबारी किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। घटना दिलीप पासवान के घर के पास आरोपी सुमन साह एवं एक अन्य अपराधकर्मी द्वारा कारित की गई।


इस घटना में गांधी चौक स्थित संजय सिंह के घर से गाय दुहकर अपने घर जा रहे मनोज कुमार सिंह उर्फ अकलू पिता स्व० रामलखन सिंह सा०-विशनपुर बथुआ वार्ड-01, थाना-पूसा को पैर एवं चन्द्रमा देवी को हाथ में गोली लगी थी।


घटना की सूचना मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष ने तत्काल अस्पताल पहुँचकर पीडित के फर्दबयान लिया। उसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।


मंगलवार को उक्त जानकारी एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने संवाददाताओं को दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, के नेतृत्व में कांड के उद्भेदन एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।


विशेष टीम द्वारा त्वरित रूप से कार्रवाई करते हुए तकनिकी व मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी सुमन साह उर्फ सुबोध साह उर्फ चपती, सा०-धर्मागतपुर बथुआ वार्ड सं0-10, थाना-पूसा, को दबोच लिया। साथ ही 02 पिस्टल, 01 मैगजीन, 05 जिंदा गोली एवं 01 मोबाईल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध स्वीकार कर लिया है।


श्री पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सक्रिय एवं पेशेवर अपराधकर्मी है। इसके विरुद्ध पूसा, बंगरा, सहित आसपास के थानों सहित सीमावर्ती जिले में भी कई मामले दर्ज है। अन्य जिलों से इसका अपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्त के गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है।


छापामारी दल में थानाध्यक्ष पूसा थाना पुअनि ब्रजेश कुमार सिंह, पुअनि प्रियरंजन कुमार, सअनि गोरखनाथ सिंह, एवं सशस्त्र बल शामिल थे।