
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी । पिछले दिनों पूसा प्रखंड कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष सह व्यापार मंडल के सदस्य डॉ अशोक कुमार साह का निधन हो गया। वे पिछले कुछ सालों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से कांग्रेस जनों में ही नहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार पूसा प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर के नेतृत्व में प्रखंड कांग्रेस कमिटी का एक प्रतिनिधि मंडल उनके आवास पर जाकर उन्हें पार्टी के झंडे में लपेट कर तथा पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी और उनके परिजनों को सांत्वना दी।



इस अवसर पर एक शोक सभा का आयोजन भी किया गया जिसकी अध्यक्षता करते हुए प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर ने उन्हें एक सच्चा राष्ट्रवादी तथा कुशल समाजसेवी एवं गरीबों के हित के लिए समर्पित कांग्रेसी कार्यकर्ता करार देते हुए कहा कि उनके निधन से हमने कांग्रेस का एक मजबूत स्तंभ खो दिया।



वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मो० मोहिउद्दीन ने कहा की कांग्रेस के प्रति समर्पण उनके खून मे था। उनके पिता स्वतंत्रता सेनानी व कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे। युवा कांग्रेस से अपनी राजनीति की शुरूवात करने के बाद से वे जीवन पर्यन्त कांग्रेस के सदस्य रहें। उनके निधन से पार्टी को जो अपूरणीय क्षति हुई है उसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।



मौके पर जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव कन्हैया कुमार, भूपनेश्वर राम, प्रखंड कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष शिवराम ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी अभय कुमार सिंह, आदि सहित सैकडो लोग मौजूद थे।

