
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । यूं तो होली में हुडदंगियों पर लगाम लगाये रखने केलिए होली में पुलिस सदैव सतर्क व चौकस रही है। मगर आज तक के इतिहास में पहली बार है कि समस्तीपुर में होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से हाई अलर्ट मोड पर है। आलम यह है कि जिले भर में लगभग 300 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। अन्य जगहों से भी पुलिस के जवान बुलाये गये हैं।



बुधवार को विभिन्न जिलों से पहुंचे जवानों ने पुलिस लाइन में योगदान दिया। इस दौरान एसपी अशोक मिश्रा की मौजूदगी में लाइन डीएसपी सुनील सिंह ने सभी जवानों को ब्रीफ किया और जरूरी निर्देश दिए।



बताते चलें कि बदले राजनीतिक माहौल का असर सामाजिक माहौल पर तारी है, इसीलिए ये मारामारी है। इस बदले माहौल में होली के दिन रमजान का जुमा पड़ने से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।पुलिस मुख्यालय से बाकायदा पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इसकी मानिटरिंग एसपी खुद ही कर रहे हैं।


एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि जिले भर में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। वहीं सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की जा रही है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट और एक्टिव रहने का निर्देश दिया गया है। सभी पुलिस कर्मियों को तैनाती वाले क्षेत्र में मुस्तैद और चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है।


एसपी श्री मिश्रा ने बताया कि होली के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक ना हो इसके लिए सभी थानों में क्यूआरटी तैनात रहेगी। मुख्यालय के निर्देश पर सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी 19 मार्च तक रद्द करने का आदेश दिया जा चुका है।

