
समस्तीपुर । अगले पांच दिनो में पुरवा हवा के कारण मौसम की तल्खी बरकरार रहने की संभावना है। हलांकि 18 मई के आसपास गरज और तेज हवा के साथ बूंदा-बांदी या हल्गी बारिश होने से गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार हैं।
इस बाबत जिले के डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायू परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा जारी 17-21 मई, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल देखें जा सकते हैं।
अगले 24 घंटो तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 18 मई के आसपास मौसम में बदलाव आने की सम्भावना है, जिसके कारण अनेक स्थानों पर बूंदा बूंदी या हल्की वर्षा की सम्भावना बन सकती है।
वर्षा के दौरान मेघ गर्जन एवं तेज हवा भी चल सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 18 से 20 कि०मी० प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है।