
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी। ओईनी में टीम शहनाई की परिकल्पना साकार होने से असहाय परिवारों में खुशी की लहर देखी जा रही है। इस टीम की मौजूदगी गरीब असहाय परिवारों में भी शहनाई गूंजने की उम्मीद जगा रही है।
बताते चलें कि स्थानीय समाजसेवी चिकित्सक डॉक्टर नीरज कुमार के द्वारा 2010 में शहनाई टीम का गठन किया गया था। युवाओं की इस टीम में वैसे लोग शामिल हैं जो अपनी आमदनी में से टीम शहनाई के लिए हर महीने कुछ पैसा रख लेते हैं, और समाज में जरूरत मंद असहाय परिवार को चिन्हित कर उनके लड़की की शादी में बढ-चढ कर सहायता करते हैं।

यह टीम अब तक दर्जनों गरीब की बेटियों के हाथ पीले करवा चुकी है। हाल ही में गंगापुर में एक बेटी की शादी के मौके पर डाॅ नीरज ने संवाददाता से बात की। उन्होंने बताया कि एक गरीब जब अपने बेटी की शादी तय करता है तो उनके पास कर्ज लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता है। कर्ज ले कर बेटी की शादी तो वे कर देते हैं मगर उसके बाद सालों तक कर्ज में डूबे रहते हैं। जितना ये कर्ज लेते हैं उससे अधिक ब्याज दे देते हैं।

टीम शहनाई उस परिवार की शादी में 70 फीसद खर्च वहन करती है। जिसमें शादी के सभी जरूरी सामान, उपहार, व बारात के खान-पान स्वागत सत्कार शामिल है। सुप्रसिद्ध फिजियोथैरेपिस्ट डॉ नीरज बताते है कि टीम शहनाई निःस्वार्थ भाव से सेवा करती है। यह पूरी तरह स्वपोषी स्वायत्त और गैर राजनीतिक संगठन है।
उन्होंने कहा कि हमलोग किसी से पैसा नहीं लेते, जो मदद करना चाहते हैं वे समान देकर हमारे साथ आ सकते हैं। राजीव शर्मा का कहना है कि वैसे परिवार जो बेटी की शादी करवाने में सक्षम नहीं हैं उनकेलिए टीम शहनाई किसी वरदान से कम नहीं।