
समस्तीपुर । अभी अगले 5 दिनों में मौसम की नरमी बरकरार रहने की संभावना है। आसमान में सुरज के साथ अठकेलियां करते हल्के से मध्यम बादलों और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना के बीच धूप-छांव का खेल चलता रहेगा।
जिले के डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा,एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायू परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा जारी अगामी 28 मई, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाये रह सकते हैं।
उत्तर बिहार में अभी भी वर्षा की सम्भावना बनी हुई है। जिसके कारण अधिकतर स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। 25-26 मई के आसपास कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा भी होने की संभावना है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 18 से 25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 25 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है।