
दवाओं से संबंधित कोई शिकायत ई-मेल drugcomplaintbihar@gmail.com और फोन नंबर 0612-4619634 पर करें
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। दवा की गुणवत्ता से समझौता आम आदमी की जिंदगी से समझौता करना होगा। इसलिए किसी स्तर पर दवाओ की गुणवत्ता में समझौता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बुधवार को दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उक्त बातें कही।
इस क्रम में उन्होंने निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों, एजेंसियों व दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही, इस दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने और आम नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया है।
किया जा रहा निगरानी एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ :
गौरतलब है कि, बिहार में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अवमानक दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगरानी एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
शिकायत के लिए ई-मेल आईडी और फोन नंबर जारी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवमानक एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली दवाओं से संबंधित शिकायतों के लिए विशेष ई-मेल आईडी drugcomplaintbihar@gmail.com तथा फोन नंबर 0612-4619634 जारी किए गए हैं।
आम नागरिक ई-मेल के माध्यम से किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जबकि फोन नंबर पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच शिकायत की जा सकेगी।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांचोपरांत होगी कार्रवाई :
आम नागरिक इन माध्यमों से एनएसक्यू (NSQ—Not of Standard Quality) अर्थात निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाने वाली दवाओं तथा सब-स्टैंडर्ड दवाओं से संबंधित जानकारी एवं शिकायत विभाग तक पहुंचा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर आवश्यक जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विभाग ने आश्वस्त किया है कि, शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी संकोच के दवाओं की गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे सकें।
निगरानी और जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर :
माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने दवाओं की वैज्ञानिक जांच, गुणवत्ता मानकों के अनुपालन, नियमित निरीक्षण तथा नकली एवं अवमानक दवाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
उद्देश्य :
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पारदर्शी निगरानी व्यवस्था, समयबद्ध जांच और जनभागीदारी के माध्यम से दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। शिकायत के लिए विशेष ई-मेल आईडी और निर्धारित समय पर उपलब्ध फोन सुविधा से नागरिकों को दवाओं की गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं की जानकारी विभाग तक पहुंचाने और गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करनेमें सुविधा होगी।