
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था और अनियमितता की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को सख्त निर्देश जारी करते हुए उक्त बातें कही है।
प्रशासन सतर्क :
बताते चलें कि, दिन ब दिन बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासन सतर्क, चौकस और एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
पीएचसी और एपीएचसी का निरीक्षण :
इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश के आलोक में जिले के सभी प्राथमिक एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का व्यापक निरीक्षण विभिन्न जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
किया गया मूल्यांकन :
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया, जिसमें चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, केंद्रों के खुलने-बंद रहने की स्थिति, साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, भवन की स्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता तथा आमजन केलिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया।
पायी गई अनियमितता और अव्यवस्था :
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवा को लेकर तमाम दावों की पोल खुल गई। कई स्थानों पर गंभीर अनियमितता और अव्यवस्था सामने आईं। यथा, अनेक स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय पर बंद पाए गए तथा कई स्थानों पर चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। कुछ केंद्रों में भवन की अनुपलब्धता, जर्जर स्थिति, साफ-सफाई की कमी, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी दिखा। इसके अतिरिक्त कुछ केंद्रों पर दवाओं एवं आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की कमी भी पाई गई।
डीएम ने दिए कड़े निर्देश :
जिलाधिकारी ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सभी दोषी कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों को नियमित रूप से संचालित करने, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।