
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 कल्याणपुर। प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में 8वें पोषण पखवाड़ा के तहत एक भव्य पोषण मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक जानकारी साझा करना था।
उद्घाटन :
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के साथ फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि थे मौजूद :
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) पुनीता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजमल परवेज, अंचलाधिकारी शशि रंजन, जनप्रतिनिधियों में प्रखंड प्रमुख कृष्णा देवी, उप प्रमुख कल्पना कुमारी, जिला परिषद सदस्य (भाग संख्या-1 रवि रौशन कुमार सहित क्षेत्र के सभी सम्मानित मुखिया मौजूद थे।
सभी पर्यवेक्षिका व 200 से अधिक सेविकाओं ने लिया भाग :
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उर्वशी की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में पूजा भारती, विभा, अंशु सहित सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा आंगनबाड़ी सेविका संघ की अध्यक्ष कृष्णा देवी समेत 200 से अधिक सेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पोषण मेला के 5 थीम :
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि इस वर्ष पोषण पखवाड़ा विशेष रूप से मस्तिष्क विकास और प्रारंभिक शिक्षा पर केंद्रित है। इसके पाँच प्रमुख थीम इस प्रकार हैं—
जीवन के प्रथम 6 वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास सुनिश्चित करना
0-3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना (Early Stimulation) पर जोर
बच्चों में मोबाइल/टीवी के स्क्रीन टाइम में कमी
3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा
आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने हेतु सामुदायिक सहयोग बढ़ाना
पालन-पोषण के तरीकों का प्रदर्शन :
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि “कुपोषण मुक्त समाज” के निर्माण में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेले में विभिन्न स्टालों के माध्यम से पौष्टिक आहार एवं बच्चों के सही पालन-पोषण के तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।