
Oini News Network
ओईनी 24 विद्यापतिनगर । प्रखंड अंतर्गत बाजिदपुर बाजार में स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप करीब एक पखवाड़े से जल-जमाव एवं कीचड़ के कारण विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके बाद शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने स्वयं इस समस्या का निदान ढूंढा। बच्चों के द्वारा कीचड़ में ईंट बिछाकर रास्ता बनाने का साकारात्मक प्रयास किया गया।
जब इस खबर को ओईनी 24 ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। तब जा कर अधिकारियों की नींद खुली। समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी महताब अंसारी ने तत्काल इस समस्या के निदान के लिए पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार को निर्देश दिया। तब जा कर मुखिया के द्वारा विद्यालय के सामने करीब बीस मीटर में वाजिदपुर बाजार की मुख्य सड़क पर ईंट की सोलिंग कराई गई।
उधर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका चंदा प्रियदर्शनी ने बीडीओ महताब अंसारी का आभार जताते हुए कहा कि कीचड़ के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रही थी। बताया कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ वाहनों की आवा-जाही होने पर उड़कर वर्ग कक्ष में आ जाता था।
वहीं विद्यालय के महज दो फिट चैड़ाई वाले बरामदे से होकर दिनभर ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे शिक्षकों और छात्रों को परेशानी होती है। उधर बीडीओ महताब अंसारी ने बताया कि तत्काल सड़क पर ईंट डाल दी गई है। शीघ्र ही जल-निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।