
Oini News Network
ओईनी 24 समस्तीपुर । इस तरह के इवेंट से से हाशिये की ओर बढ रहा हमारा राष्ट्रीय खेल कबड्डी अपनी पुरानी प्रतिष्ठा और आकर्षण हासिल कर सकेगा। राॅयल इनफील्ड द्वारा ऑलराउंडर इवेंट्स एंड स्पोर्ट्स के तहत आयोजित प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर कबड्डी प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने उक्त बातें कही।
विजेता व उपविजेता टीम को चमचमाती ट्राफी प्रदान करने के क्रम में उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता निश्चित रूप से जिले में कबड्डी खेल के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ाने में मदद करेगी। इस तरह की प्रतियोगिताओं से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि यह खेल को लोकप्रिय बनाने और इसे एक पेशेवर स्तर पर ले जाने में भी सहायक होता है।
इस दौरान बेहतर टीम संयोजन व प्रबंधन केलिए ऑलराउंडर इवेंट्स एंड स्पोर्ट्स एवार्ड आदित्य मोटर्स के स्टोर मैनेजर मनीष कुमार झा को दिया गया। जिसमें उन्हें एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर एसडीओ ने श्री मनीष की जम कर प्रशंसा की।
बताते चलें कि राॅयल इनफील्ड द्वारा जिले में कबड्डी खेल को बढ़ावा देने व उसे निखारने के लिए ऑलराउंडर इवेंट्स एंड स्पोर्ट्स के तहत शहर में पहली बार प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन शहर के पटेल मैदान में किया गया था।
कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी एवं जिला खेल पदाधिकारी आकाश ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में शामिल आठ टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
आखिर में प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रॉयल एनफील्ड सरायरंजन व विभूतिपुर के बीच खेला गया। जिसमें सरायरंजन की टीम ने 25-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर डॉक्टर एनके आनंद, राहुल कुमार, सुभीत कुमार सिंह बिट्टू, उमेश कुमार, रजनीश पाण्डेय, बिनय कुमार, अनिकेत, चंदन कुमार, दानिश खान, निरंजन कुमार, अभिषेक आदि मौजूद थे।