
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ललन प्रसाद यादव।
बिथान। प्रखंड की उजान पंचायत के उजान गाँधी मैदान में भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ 9 दिवसीय श्री श्री 1008 महाशिव शक्ति पंच कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस कलश शोभा यात्रा में 551 व्रतियों व श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। यज्ञ स्थल से शुरू होकर उजान पंचायत नगर भ्रमण करते हुए यह कलश शोभायात्रा पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंच कर संपन्न हुई। इस अवसर पर दर्जनों घोड़ा, हाथी, गाजे बाजे व झांकी के साथ रंगबिरंगे परिधानो में सजी कन्याओं व श्रद्धालुओं के साथ हजारों की संख्या में लोग शामिल थे।
इसके बाद हरीद्वार से पधारे हनुमान जी महाराज के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद विधिवत अग्नि मंथन व स्थापन किया गया। अग्निदेव के प्रकट होने पर विधिवत पूजा अर्चना के बाद श्री श्री 1008 महाशिव शक्ति पंच कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ किया गया।
इधर महायज्ञ के शुरू होते ही बिथान प्रखंड एवं पड़ोसी सीमावर्ती खगड़िया जिला, दरभंगा जिला सहरसा जिला समेत आसपास का श्रद्धालुओ का यज्ञ स्थल पर आना जाना आरंभ हो गया। वहीं यज्ञ से आसपास के क्षेत्रों में भजन, नाम संकीर्तन एवं प्रवचन से भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होती रही।
महायज्ञ के यजमान ने बताया कि मुख्य कथा वाचक साध्वी शिवानी कृष्णा जी द्वारा राम कथा का अमृतपान करवाएगें। वृंदावन के प्रसिद्ध रासलीला का प्रस्तुति किया जायेगा। अगामी 9 दिनों तक रात्रि में जागरण का आयोजन व ग्रामीणों के सहयोग से विशाल भंडारा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चों व युवाओं के लिए मनोरंजन के लिए टॉवर झूला, ब्रेक डॉंस मौत कुआ, रेलगाड़ी, श्रृंगार प्रसाधन, मिठाई, खिलौने आदि सहित विविध सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। यज्ञ स्थल पर विधि व्यवस्था को सुचारू रूप से देख रेख के लिए स्थानीय थाना के पुलिस कर्मियों के द्वारा लगातार पेट्रोलिंग किया जा रहा है। मौके पर एएसआई मुकेश कुमार, पुलिस बल एवं समस्त उजान पंचायत वासी मौजूद थे।

